सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेतीं, बल्कि पूरे परिवार को जीवन भर के लिए प्रभावित कर देती हैं। इसी गंभीर सच्चाई को ध्यान में रखते हुए सागर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
एक गलती, पूरा परिवार बिखर सकता है
विशेष ग्राम सभा को संबोधित करते हुए कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि यह ग्राम सभा आपके जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब किसी सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसके परिवार पर गहरा आघात पड़ता है, क्योंकि वही व्यक्ति परिवार का मुखिया होता है। मुखिया के चले जाने के बाद परिवार का जीवन चलाना बेहद कठिन हो जाता है। इसलिए सड़क पर चलते समय यातायात के सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
सड़क सुरक्षा पर केंद्रित विशेष ग्राम सभा
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि सामान्य ग्राम सभाओं में कई विषय होते हैं, लेकिन यह विशेष ग्राम सभा केवल सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग और संकल्प की अपील करते हुए कहा कि आप सभी हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि धूम फिल्म में दिखाया गया बाइकर भी पूरे सुरक्षा उपकरणों के साथ वाहन चलाता है। इसी तरह आम नागरिकों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
कलेक्टर ने शाम 6 से 9 बजे और रात 2 से 5 बजे के बीच वाहन चलाने से बचने की सलाह दी और कहा कि दो मिनट की जल्दबाजी आपको आपके परिवार से हमेशा के लिए दूर कर सकती है।
सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश
कलेक्टर संदीप जी आर ने सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से पहले हर जगह बैरिकेटिंग और संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि रात में वाहन न चलाएं, नशे की हालत में कभी भी गाड़ी न चलाएं और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। वाहन के साइड में बैग लगाने से भी बचने की सलाह दी गई, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है।
राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार जरूरी
कलेक्टर ने शासन की राहवीर योजना की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को सम्मान राशि और प्रमाण पत्र दिया जाता है। इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार किया जाना चाहिए।
चालान से नहीं, जान जाने से डरें
पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने कहा कि यह विशेष ग्राम सभा कलेक्टर संदीप जी आर की अभिनव पहल है, जिससे सागर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा।
उन्होंने कहा कि चालान से डरने के बजाय अपनी जान की सुरक्षा करें, क्योंकि आपकी एक गलती पूरे परिवार को आपसे दूर कर सकती है। रात में वाहन चलाने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर ही पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें। वाहन की समय-समय पर जांच कराना और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग बेहद जरूरी है।
दुर्घटना के समय वीडियो नहीं, मदद करें
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय वीडियो या फोटो लेने के बजाय घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के तहत घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
गोल्डन आवर में बच सकती है जान
कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तेहगुनिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा के तहत देश में पहली बार सागर जिले में इस तरह की विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा — “जो परिवार से करें प्यार, हेलमेट से न करें इंकार।”
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा गोल्डन आवर होता है, जिसमें घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
डॉक्टर ने बताए प्राथमिक उपचार के उपाय
डॉक्टर देवेश पटेरिया ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय सबसे पहले शांत रहें और एम्बुलेंस को कॉल करें।
रक्तस्राव होने पर साफ कपड़े से घाव दबाएं, घायल को अधिक न हिलाएं, सिर और गर्दन को सीधा रखें। सांस न लेने की स्थिति में सीपीआर दें। बेहोश व्यक्ति को पानी न पिलाएं। सिर और छाती की चोटें बेहद गंभीर होती हैं, इसलिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
शपथ, सम्मान और सुरक्षा के कदम
विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर संदीप जी आर ने बुंदेली भाषा में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सड़क सुरक्षा मित्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और टैंकरों पर रेडियम पट्टी लगाने का कार्य शुरू किया गया। इस अवसर पर निशुल्क हेलमेट का वितरण भी किया गया।
