पेयजल सुरक्षा को लेकर नगर पालिका अलर्ट, वाटर फिल्टर प्लांट की कराई गई सफाई

नगर पालिका अध्यक्ष की मौजूदगी में वाटर फिल्टर प्लांट की सफाई व रिपेयरिंग,जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक किया गया सुदृढ़।



रहली (मध्यप्रदेश)प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में गंदे पानी से हुई हालिया त्रासदी के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश की सभी नगर पालिकाओं, नगर परिषदों एवं नगर निगमों को विशेष अभियान चलाकर जलप्रदाय प्रणाली को दुरुस्त करने, पेयजल की नियमित जांच करने तथा चेंबर व वाटर फिल्टर की समय-समय पर सफाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के तहत आज नगर पालिका परिषद रहली द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी की उपस्थिति में नगर के वाटर फिल्टर प्लांट की व्यापक सफाई एवं आवश्यक रिपेयरिंग का कार्य किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने बताया कि वाटर फिल्टर प्लांट की सफाई एवं मरम्मत का कार्य वर्ष में दो बार नियमित रूप से कराया जाता है। इससे पूर्व बरसात समाप्त होने के बाद भी फिल्टर प्लांट की सफाई कराई जा चुकी है। आज पुनः सफाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नगरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की निरंतर आपूर्ति हो सके तथा शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा सके।

इसके साथ ही अध्यक्ष ने नागरिकों से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन में नगर पालिका का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी का अपव्यय न करें, स्वच्छता बनाए रखें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने