2300 रुपया प्रति क्विंटल की दर से होगी धान की खरीदी : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
![]() |
छाया चित्र मंत्री गोविंद सिंह राजपूत |
सागर - प्रदेश में खरीफ की फसल धान की पैदावार जम कर हुई है।खुले बाजारों और मंडियों में फसल की आवक भी शुरू हो गई है। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले इसके लिए सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान की फसल को उपार्जित करने की कवायद शुरू कर दी है।जिसे लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज 2 दिसंबर से खरीदी शुरू करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देशित किया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिये धान सामान्य का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 और धान ग्रेड-ए का 2320 रुपये दिया जाए। किसानों की एफएक्यू गुणवत्ता की उपज इन्हीं दरों पर उपार्जित की जायेगी।
प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत ने बताया कि धान का उपार्जन 2 दिसम्बर से 20 जनवरी 2025 तक किया जायेगा। उपार्जन प्रत्येक सप्ताह के सोमवार से शुक्रवार तक होगा। इस दौरान लगभग 40 से 45 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी का आंकलन है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जायेगी। गोदाम स्तर पर खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण उपार्जन एजेंसी के गुणवत्ता सर्वेयर द्वारा स्टेक लगाने के पहले किया जायेगा। परिवहनकर्ता द्वारा समय- सीमा में उपार्जित खाद्यान्न का परिवहन न करने पर पेनाल्टी की माल और दिन के आधार पर साप्ताहिक रूप से की जायेगी।