रहली पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश , आरोपी गिरफ्तार
रहली :- रहली थाना क्षेत्र के ग्राम छिरारी में 22 सितंबर को सड़क पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान दीपक साहू निवासी चांदपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और आखिरकार घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह हुआ हत्या का खुलासा
प्रारंभिक जांच में मृतक के परिजन जमुना साहू ने बयान दिए कि दीपक की मौत अज्ञात व्यक्ति द्वारा मारपीट कर चोट पहुंचाने से हुई है। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच तेज की।
तफ्तीश के दौरान शक के आधार पर पुलिस ने रामसेवक साहू पिता हीरालाल साहू (उम्र 58 वर्ष), निवासी छिरारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।
विवाद बना हत्या की वजह
आरोपी ने बताया कि करीब 8 माह पहले दीपक उसकी दुकान पर काम करता था, लेकिन बाद में छोड़ गया। इसके बाद दीपक घर-घर काम करने लगा और ग्राहकों को भड़काने लगा, जिससे आरोपी की ग्राहकी घट गई।
दीपक का आना-जाना गांव के लक्ष्मी प्रजापति और हल्ली प्रजापति के घर पर होता था। आरोपी ने कई बार मना किया, लेकिन दीपक नहीं माना।
21 सितंबर की शाम आरोपी ने दीपक को प्रजापति परिवार के घर खाना खाते देखा, तो उसने हत्या की योजना बना ली। बाद में चक्रेश जैन के खेत के पास महुआ के पेड़ के नीचे आरोपी ने दीपक को रोकने की कोशिश की। जब वह नहीं रुका तो आरोपी ने पाइप से हमला कर दिया। एक वार दाढ़ी में और दूसरा दाहिने कान पर पड़ा, जिससे दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बरामद किया हथियार
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पाइप बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस टीम का योगदान
इस अंधे कत्ल का खुलासा पुलिस अधीक्षक सागर विकास कुमार शाहवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रहली उनि. सुनील शर्मा, प्रआर विनोद विश्वकर्मा, प्रआर आशीष चौबे, आर राहुल कुसमरिया, आर सुरेन्द्र यादव, आर सतेन्द्र, आर जितेन्द्र प्यासी, आर रवि पटेल तथा चा
.आर सुनील दुबे की अहम भूमिका रही।