सागर जिले में भी भाजपा अध्यक्ष के नाम तय, लोकसभा क्षेत्र को आधार बना कर होंगे दो अध्यक्ष नियुक्ति।
सागर - भाजपा जिला अध्यक्षों के चुनाव को लेकर सागर जिले की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय में संभागीय बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला अध्यक्ष पद के लिए सागर जिले में शहर और ग्रामीण दो जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर सहमति बनी है।
पार्टी कार्यकर्ताओं की माने तो बीते एक सप्ताह से चल रहे दो नामों पर आखिरकार मुहर लग चुकी है बस घोषणा वांकी रह गई है, भाजपा शहर अध्यक्ष के पद पर श्याम तिवारी और ग्रामीण अध्यक्ष पद के लिए रानी कुशवाहा का नाम लगभग तय हो गया है।
सागर की वर्तमान राजनीति और वरिष्ठ नेताओं की खींचा तानी में भाजपा जिला अध्यक्ष के नियुक्ति में विलम्ब हुआ। इसी को देखते हुए पार्टी ने जिले में दो जिला अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है। यह पहला मौका है, जब सागर जिले में भाजपा के दो जिला अध्यक्ष नियुक्त होंगे।
वही पार्टी का यह निर्णय क्षेत्र वर्गीकरण के आधार को भी स्पष्ट करता है क्योंकि जिले में दो लोकसभा क्षेत्र लगते हैं, जिसमें रहली, बंडा और देवरी विधानसभाएं दमोह लोकसभा क्षेत्र में आती है। इसके अलावा सागर, खुरई, बीना, नरयावली और सुरखी सागर लोकसभा सीट में शामिल है। इसी को देखते हुए यह फॉर्मूला बनाया गया है।
कौन हैं श्याम तिवारी,और रानी कुशवाहा?
वर्तमान में भाजपा के सागर जिला महामंत्री का पद संभाल रहे श्याम तिवारी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह जिला उपाध्यक्ष के साथ ही पार्टी की कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे सागर विधायक शैलेंद्र जैन के करीबी माने जाते हैं।
वहीं ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत सदस्य रानी कुशवाहा का नाम भी तय हो चुका है। रानी कुशवाहा पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के खेमे की हैं। पार्टी ने जिले की खींचतान खत्म करने के लिए शहर और ग्रामीण अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है।