नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगे गंभीर आरोप।

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगे गंभीर आरोप।

रहली- : सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के अचलपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 23 वर्षीय अनुष्का चौहान ने कथित रूप से बंद कमरे में आग लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण, आत्महत्या या हत्या पर सवाल।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतका की मृत्यु आगजनी से होने की बात सामने आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने पोस्टमार्टम किया।

मायके पक्ष ने लगाए ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप।

मृतका अनुष्का चौहान की शादी तीन साल पहले छोटे सिंह चौहान से हुई थी और उसका एक साल का बेटा भी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका के भाई विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया:

"मेरी बहन को ससुराल वालों ने मिलकर मार डाला और फिर उसे जला दिया। मेरे जीजा, उनकी मां और जेठानी लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। उन्होंने बुलैरो गाड़ी की मांग की थी, लेकिन हमने कहा था कि पैसे होने पर दिला देंगे।"

घटना के कुछ घंटे पहले भी झगड़ा हुआ था।

"सुबह 6 बजे मामा का फोन आया कि वे लोग बहन को गाली दे रहे हैं और मार रहे हैं। मैं तुरंत निकलने ही वाला था कि मामा ने फिर फोन किया और कहा कि बहन की मौत हो गई है।"

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से बढ़ा संदेह।

मृतका के बड़े पिता रामराज सिंह ने भी ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगाए और कहा:

"अगर अनुष्का ने खुद आग लगाई होती, तो उसकी पूरी खाल जल जाती, लेकिन उसकी जीभ बाहर निकली थी और शरीर पर जलने के गहरे निशान नहीं थे। यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है।"

गांव के प्रत्यक्षदर्शी वकील सिंह ठाकुर ने बताया कि अनुष्का को उसके ससुराल वाले बहुत प्रताड़ित कर रहे थे।

"जब मैं मौके पर पहुंचा, तो कमरा बाहर से बंद था। मैंने खुद दरवाजा खुलवाया।"

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इस मामले से जुड़े अपडेट्स के लिए जुड़े रहें!

(यह खबर अपडेट होती रहेगी, लेटेस्ट जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट विजिट करें।)

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने